उखड़ी पेवर टाइलों से आवाजाही में परेशानी, एक हजार से अधिक आबादी प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर परिषद के हरदासपुरा वार्ड के मुगला मोहल्ले में रास्तों की बदहाली और खराब स्ट्रीट लाइटों से लोग परेशान हैं।
रास्तों पर बिछाई गई पेवर टाइलें उखड़ चुकी हैं, जिससे पैदल चलने वालों को ठोकरें लगने का खतरा बना रहता है। वहीं, तीन माह से स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण रात के समय आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, पवन कुमार, देवी चंद, अमृत सिंह, उमेश कुमार, सुशील कुमार, अजय कुमार, विजय कुमार, लक्की सिंह, हैपी कुमार और अमर चंद ने बताया कि मोहल्ले में एक हजार से अधिक लोग रहते हैं। रास्तों की मरम्मत और लाइटें ठीक करवाने के लिए कई बार नगर परिषद को अवगत करवाया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने परिषद से जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है। वार्ड पार्षद नीतू सरीन ने बताया कि रास्तों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। स्ट्रीट लाइटों को भी जल्द दुरुस्त करवाया जाएगा।