होली मार्ग पर सड़क से नीचे मलबा फेंकती जेसीबी मशीन।
- फोटो : Chamba
होली (चंबा)। खड़ामुख-होली-न्याग्रां मार्ग पर सड़क चौड़ाई का कार्य ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। ठेकेदार सड़क कटिंग के दौरान निकलने वाले मलबे को सीधा रावी में फेंक रहा है। इससे रावी का दायरा सिकुड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क कटिंग का मलबा रावी में फेंकने से पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंच रहा है। नदी में मलबा फेंकने से कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। ग्रामीणों के मुताबिक इसके बारे में विभाग को कई बार अवगत करवाया जा चुका है लेकिन, अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष है।
जानकारी के मुताबिक यह सड़क काफी संकीर्ण है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग सड़क को चौड़ा करने का कार्य ठेकेदार के माध्यम से करवा रहा है। ग्रामीणों सुरेश कुमार, अनिल कुमार, राजू राम, रमन कुमार, संजीव कुमार, संजय कुमार, सनी कुमार आदि ने बताया कि ठेकेदार नियमों को दरकिनार कर मलबे को रावी में फेंक रहा है। हालांकि, इस सड़क से अधिकारी भी आवाजाही करते हैं लेकिन, अभी तक किसी ने भी इस मामले में उचित कार्रवाई की जहमत नहीं उठाई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जयचंद का कहना है कि सड़क 70 फीट चौड़ी की जा रही है। कहा कि कटिंग के दौरान जो भी मलबा निकलता है, उसे कहीं भी फेंक सकते हैं। इसके लिए कोई स्थान नहीं है। वन मंडल भरमौर के उपमंडलाधिकारी सनी वर्मा का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि ठेकेदार को चेतावनी दे दी गई है। कहा कि मनमानी करने पर ठेकेदार को जुर्माना किया जाएगा।