नवरात्र की खरीदारी पर महंगाई का असर, चुनरी समेत पूजन सामग्री के दाम चढ़े
पांच से 10 रुपये तक बढ़ीं कई वस्तुओं की कीमतें
मोहम्मद अयूब
चंबा। नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना के लिए बाजारों में खरीदारी तेज है, लेकिन पूजा की टोकरी तैयार करने में इस बार श्रद्धालुओं को अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
माता की चुनरी, नारियल, धूप, अगरबत्ती, कपूर, रोली, मौली और कलश समेत पूजन सामग्री की कई वस्तुओं के दाम 5 से 10 रुपये तक बढ़ गए हैं। इससे त्योहार के लिए खरीदारी करने पहुंचे लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
दुकानदार परम कुमार, संजीव शर्मा, परमेश महाजन और वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि नवरात्र में घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना के चलते पूजन सामग्री की मांग बढ़ जाती है। उनके अनुसार पिछले साल 210 और 480 रुपये तक मिलने वाला सामान अब 220 से 500 रुपये तक पहुंच गया है। व्यापार मंडल के प्रधान वीरेंद्र महाजन ने बताया कि ईरान-इराक युद्ध के दौरान तेल की कीमतों में हुई वृद्धि का असर बाजार में सामान की कीमतों पर भी पड़ा है। इसके चलते पूजा सामग्री के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
नवरात्र के दौरान माता की चुनरी, नारियल, अगरबत्ती और अन्य पूजन सामग्री की मांग बढ़ जाती है। लोग बड़ी संख्या में पूजा का सामान खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं। - मनु कुमारी
नवरात्र में पूजा सामग्री खरीदना हमारी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, लेकिन दाम बढ़ने से अब पहले के मुकाबले अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। - चंपा कुमारी
पूजा सामग्री की कुछ वस्तुओं के दामों में 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। नवरात्र के दौरान लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। - रीना कुमारी
नवरात्र के दौरान पूजा सामग्री की मांग बढ़ जाती है। दुकानदारों को जरूरी सामान उचित दामों पर उपलब्ध करवाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। - मीनाक्षी