चंबा। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में फोटो युक्त मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए बैठक की गई। इसकी अध्यक्षता सहायक आयुक्त पीपी सिंह ने की।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। फोटो युक्त मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण पर चर्चा की गई। सहायक आयुक्त ने बताया कि 01 जनवरी-2025 की अर्हता तिथि के आधार पर पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 29 अक्तूबर से 28 नवंबर तक फोटो युक्त मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए अभियान चलाया जाएगा। एकीकृत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 29 अक्तूबर से शुरू होगा। दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने की अवधि 29 अक्तूबर से 28 नवंबर तक रहेगी। चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 9, 10, 23 और 24 नवंबर का दिन होगा। हर बूथ पर बीएलओ मतदाता सूची का पुनरीक्षण करेंगे। बताया कि 18 से 21 साल आयु वाले जिन मतदाताओं के नाम सूची में नहीं है, वे फार्म छह में आवेदन कर सकते हैं। प्रविष्टियों में संशोधन एवं निवास प्रवर्तन होने की दशा में फार्म-8 में आवेदन कर सकते हैं। तहसीलदार निर्वाचन अनूप डोगरा ने बताया कि इस अभियान के तहत मतदाता सूची को पढ़ा और जांचा जाएगा। कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसे शुद्ध किया जाएगा। साथ में दावे-आक्षेप भी प्राप्त किए जाएंगे। बैठक में महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी गोवर्धन आहूजा, महासचिव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दीपक ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी बीजेपी शशि गुप्ता व नायब तहसीलदार निर्वाचन संजय शांडिल उपस्थित रहे।