चंबा। बचत भवन में नगर परिषद चुनाव को लेकर पुरुष और महिला पीठासीन अधिकारियों, सहायक पीठसीन अधिकारियों और चुनाव अधिकारियों के लिए दूसरे चरण का पूर्वाभ्यास करवाया गया।
इस दौरान प्रोफेसर अविनाश, मास्टर ट्रेनर के तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया, वोट डलवाना, विभिन्न प्रपत्रों को भरना, चुनाव सामग्री प्राप्त करना, चुनाव सामग्री जमा करवाना, ईवीएम और वीवीपेट को जोड़ना, ईवीएम को सुचारू रूप से चलाना, मॉक पोल करवाना, चुनावी प्रक्रिया के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में अवगत करवाया। इस दौरान महिला और पुरुष मतदान केंद्रों का संचालन करने के लिए सभी नियुक्त पुरुष, महिला पीठासीन अधिकारियों के अलावा निर्वाचन कार्यालय से अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को वीडीएमएस एप्प के माध्यम से मतदान के दिन विभिन्न जानकारी देने का प्रशिक्षण नोडल अधिकारी आशीष कॉमरोय ने दिया। इंजीनियर अजय कुमार और उनकी टीम ने ईवीएम पर हैंड्स ऑन प्रशिक्षण, सील लगाना, मशीनों को जोड़ना, मॉक पोल करवाना और वोट डलवाने का प्रशिक्षण भी दिया।