चंबा। वन विभाग की डीजी कंचन चंबा में चल रहे वन विभाग के कार्यों का निरीक्षण करने के लिए पहुंची हैं। वीरवार को उन्होंने उदयपुर नर्सरी, द्रम्मण केएफडब्ल्यू सोसायटी और रजौली में किए पौधरोपण का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने कुछ माह पहले किए गए पौधरोपण में लगाए गए पौधों को देखा। इस दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को यह निर्देश भी दिए कि पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित देखभाल भी करें। ताकि पौधे वृक्ष बनने पहले न मर जाएं।
उन्हाेंने नर्सरी में पौधे तैयार करने की विधि से लेकर उनकी देखभाल को लेकर सभी क्रियाओं की जांच की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से भी पूछताछ की। उन्होंने द्रम्मण में केएफडब्ल्यू प्रोजेक्ट के तहत गठित सोसायटी की महिलाओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं ने सोसायटी के तहत किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। जंगल में पौधरोपण और लेंटाना घास उखाड़ने से संबंधित सभी कार्यों को लेकर उन्हाेंने सोसायटी की महिलाओं ने बात की। इसके बाद डीजी वन विभाग रजौली में किए गए पौधरोपण की जांच करने के लिए पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ वन परिक्षेत्र अधिकारी चंबा सुनील कुमार सहित अन्य वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।