लखदाता छिंज मेला सुखधार में दमखम दिखाते पहलवान। संवाद
लखदाता छिंज मेला सुखधार में पहलवानों ने दिखाया दमखम
विजेता पहलवान को मिला 41 हजार रुपये का नकद पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
हिमगिरी (चंबा)। प्रसिद्ध लखदाता छिंज मेला सुखधार में आयोजित दंगल में प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया।
दिनभर अखाड़े में रोमांचक मुकाबले चले। बड़ी माली का मुकाबला मलेरकोटला के रज्जाक पहलवान और सुमित पहलवान के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंकते हुए शानदार दांव-पेच दिखाए। निर्धारित समय तक कोई भी पहलवान निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका। इसके बाद निर्णायकों ने मुकाबले का फैसला पॉइंट के आधार पर हुआ। इसमें रज्जाक पहलवान विजेता घोषित हुए। विजेता रज्जाक को 41 हजार रुपये और उपविजेता सुमित को 31 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अध्यापक दीप सिंह खन्ना ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता पहलवानों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि छिंज मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। मेला कमेटी के प्रधान रमेश पुरी ने कहा कि लखदाता छिंज मेला क्षेत्र की वर्षों पुरानी परंपरा है। इसे सफल बनाने में ग्रामीणों, युवाओं और सभी सहयोग कर्ताओं का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में मेले को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इस अवसर पर मेला कमेटी के सदस्य जय शर्मा, राजेश शर्मा, कुलदीप, जगदीश शर्मा, आशिक सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।