ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी, बोले- 25 मई के बाद नहीं मिले गैस सिलिंडर
बोले- डलहौजी गैस सर्विस से संपर्क करने के बाद भी नहीं हो पाई गैस की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। रसोई की बुझती आंच ने आखिरकार भलेई पंचायत के लोगों के सब्र को भी ठंडा कर दिया। डेढ़ माह से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बंद होने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।
उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दे डाली है। गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लंबे समय से बाधित होने के कारण ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने कहा कि 25 मई को गांव में गैस की गाड़ी आने के बाद से अब तक दोबारा आपूर्ति नहीं हुई है। इससे गांव के अनेक परिवारों के सामने रसोई गैस का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कई बार डलहौजी गैस सर्विस से संपर्क कर समस्या से अवगत कराया लेकिन उनकी शिकायतों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि एजेंसी से फोन पर संपर्क करना भी मुश्किल हो गया है जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
राज कुमार, अंजली देवी, ज्ञान चंद, सुरेंद्र कुमार, पवन कुमार, राजेंद्र कुमार, विरेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार और चैनों राम ने कहा कि गैस जैसी आवश्यक सेवा लंबे समय तक बाधित रहने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। बरसात के मौसम में लकड़ी और अन्य वैकल्पिक ईंधन का उपयोग भी कठिन हो जाता है। इससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में तत्काल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बहाल कर नियमित वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो गांववासी सामूहिक रूप से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उधर, गैस एजेंसी प्रभारी परविंद्र सिंह ने कहा कि जल्द ही गैस की गाड़ी भेजकर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।