चंबा। शहर में बिना रेट लिस्ट के सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार को विभागीय टीम ने 10 दुकानों से 324 किलो फल और सब्जियां जब्त कीं। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
साथ ही एक सब्जी विक्रेता को चेतावनी दी है कि यदि दोबारा वह नियमों की अवहेलना करता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई निरीक्षक रणवीर सिंह ने की। उन्होंने शहर के इरावती, मुख्य चौक और अन्य सब्जी की दुकानों में जांच के दौरान विभागीय टीम ने 30 से अधिक दुकानों में रेट लिस्ट जांची। अधिकतर दुकानों में रेट लिस्ट नहीं पाई गई। ऐसे में विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सब्जी और फल को जब्त किया।
विभागीय टीम ने सब्जी विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में इस तरह की अनियमितता की जाती है तो विभाग कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने में गुरेज नहीं करेगा। रेट लिस्ट न लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं से परेशान उपभोक्ताओं की इस समस्या को अमर उजाला में प्रकाशित किया गया था। इस खबर के बाद विभाग हरकत में आया है।
औचक निरीक्षण के दौरान रेट लिस्ट और सब्जी के बिल की जांच की गई। जांच के दौरान जब्त की गईं फल और सब्जियों की कीमत करीब 18,935 रुपये आंकी गई है। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। जिला करण, नियंत्रक, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग