चुवाड़ी अस्पताल में रैंप न होने के कारण मरीज को व्हीलचेयर के साथ उठाकर ले जाते तीमारदार। संवाद
चुवाड़ी (चंबा)। व्हील चेयर होने के बावजूद दिव्यांगजन, बुजुर्ग और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को गोद या पीठ में उठाकर सीढि़यों से वार्डों तक पहुंचाना पड़ रहा है। नागरिक अस्पताल चुवाड़ी में रैंप न होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। अस्पताल का भवन तीन मंजिला है। अस्पताल में न तो लिफ्ट है और न ही रैंप की व्यवस्था है। ऐसे में चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को उठाकर ही दूसरी या तीसरी मंजिल तक ले जाना पड़ रहा है।
अब इसका खामियाजा चुवाड़ी अस्पताल पर निर्भर रहने वाली 50 पंचायतों की आबादी को भुगताना पड़ रहा है। अस्पताल में चिकित्सीय परामर्श के बाद विभिन्न रोगी वार्डों में दाखिल किए जाने वाले मरीजों को संबंधित वार्डों में पहुंचाना तीमारदारों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। विभागीय अधिकारी भी लोक निर्माण विभाग को रैंप निर्माण के लिए अनुमानित प्रस्ताव बनाकर सौंपने की बात कह रहे हैं।
लोग बोले-मरीजों को नहीं मिल पाई सुविधा
अजय चंबियाल, लव कुमार, बप्पी और धीरज ठाकुर ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में कहने को तो तीन मंजिला नागरिक अस्पताल चुवाड़ी है। मगर यहां पर आज दिन तक रैंप की सहूलियत मरीजों को नसीब नहीं हो पाई है। ऐसे में घायलों को पीठ पर उठाकर तीसरी मंजिल के वार्ड तक पहुंचाने में तीमारदारों के पसीने छूट जाते हैं। इसका खामियाजा विशेषकर गर्भवती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्वास्थ्य विभाग को रैंप या फिर लिफ्ट का प्रावधान करना चाहिए।
पीडब्ल्यूडी को लिखा गया, पर नहीं आया जवाब
चुवाड़ी अस्पताल के एसएमओ डॉ. मोहन सिंह का कहना है कि रैंप बनवाने के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव बनाने के बारे में लिखा गया है। मगर, अभी तक इस दिशा में विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।