किलोड़ पंचायत में होने वाले उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लेते बीडीओ। संवाद
चंबा। जिला चंबा की तीन पंचायतों में रविवार को उप चुनाव के लिए मतदान होगा। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा। जिला पंचायत अधिकारी महेश चंद ठाकुर ने बताया कि विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत प्रीणा में प्रधान और किलोड़ पंचायत में कलमा वार्ड में पंचायत सदस्य और भटियात की ग्राम पंचायत मेल के वार्ड महाड़ा दा मोहल्ला में पंचायत सदस्य के पद के लिए मतदान होगा।
उन्होंने बताया कि जिला चंबा के तीन विकास खंडों की तीन पंचायतों में सर्वसम्मति से चुनाव हो चुके है। इनमें भटियात ब्लॉक की बिन्ना पंचायत के गोरना वार्ड में बिमला देवी, विकास खंड चंबा की ग्राम पंचायत कियाणी में उपरली कियाणी में हिमाचला देवी और सलूणी खंड के तहत आती ग्राम पंचायत सालवां के किनोड़ा वार्ड में गुड्डो देवी को पंचायत सदस्य सर्वसम्मति से चुना गया है।
उधर, विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) मैहला रमनवीर चौहान ने शनिवार को ग्राम पंचायत प्रीणा और किलोड़ में पहुंचकर उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। बीडीओ ने मतदान केंद्रों में ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों से भी बातचीत की। कर्मचारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान के दौरान अनावश्यक लोगों को मतदान केंद्र में न आने दें। मतदान की प्रक्रिया पूरी नियमानुसार पूरी करवाएं। यदि मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसके बारे में तुरंत सूचना दें, ताकि उसका समाधान समय पर किया जा सके।