तेलका में राम लीला मंचन के दृश्य लोगों को कर रहे भाव-विभोर
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। तेलका में श्री राम लीला युवा क्लब मंडल की ओर से राम लीला का मंचन धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ किया जा रहा है। रामलीला के मंचन में मुख्य आकर्षण ताड़का वध का रहा। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण ने राक्षसी ताड़का का संहार किया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय और संवादों से दर्शकों का मन मोह लिया। मंचन के दौरान दर्शक भाव-विभोर हो उठे और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
क्लब अध्यक्ष ने बताया गया कि आगामी दिनों में रामलीला के अन्य प्रसंग जैसे मारीच वध, सीता स्वयंवर, वनवास, रावण वध आदि प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम प्रतिदिन सायं 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक हो रहा है। श्री राम लीला युवा क्लब मंडल तेलका ने सभी क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधार कर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करें। तीसरे नवरात्र कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि धीरज चौहान ने द्वीप प्रज्जवलन और दीप रिबन काट कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों, आदर्शों और धर्म के प्रति आस्था बढ़ती है। उन्होंने युवा क्लब की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम हमारी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर ग्रामवासी, युवा वर्ग, महिला मंडल एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
-