डलहौज़ी में 67वां तिब्बती विद्रोह दिवस पर रैली निकालते हुए। जागरूक पाठक
डलहौजी (चंबा)। 67वें तिब्बती विद्रोह दिवस के अवसर पर डलहौजी में तिब्बती समुदाय द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। सुबह 9 से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक मिडिल बकरोटा स्थित तिब्बती कम्युनिटी हॉल में प्रार्थना सभा और आधिकारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद चीन के खिलाफ रैली निकाली गई, जिसमें तिब्बती समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस दौरान तिब्बती नेताओं और समुदाय के सदस्यों ने तिब्बत की आजादी और मानवाधिकारों के समर्थन में अपने विचार व्यक्त किए। स्थानीय तिब्बती सभा डलहौजी के अध्यक्ष फुर्बू दामदुल ने बताया कि तिब्बती विद्रोह दिवस तिब्बती इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है और इसे हर वर्ष श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया जाता है।
इस कार्यक्रम के आयोजन में तिब्बती सेटलमेंट ऑफिसर डलहौजी कालसांग तेनजिन, स्थानीय तिब्बती सभा के अध्यक्ष फुर्बू दामदुल, तिब्बती फ्रीडम मूवमेंट डलहौजी की अध्यक्ष भुमचुंग वांगमो, तिब्बती यूथ कांग्रेस डलहौजी के अध्यक्ष सोनम द्रकपा, तिब्बती महिला संघ की अध्यक्ष त्सेरिंग डोलमा और अन्य लोग शामिल रहे।