चंबा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दबिश देकर केमिस्ट की दुकानों से आठ दवाइयों के सैंपल भरे। इन सैंपलों को स्वास्थ्य विभाग जांच के लिए कंडाघाट स्थित विभागीय प्रयोगशाला में भेजेगा। जहां पर दवाइयों के सैंपलों की जांच की जाएगी। जांच में अगर कोई सैंपल फेल होता है तो संबंधित केमिस्ट और दवा निर्माता कंपनी को नोटिस भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर की भरमौर में दस्तक की खबर फैलते ही कई झोलाछाप अपना बोरिया बिस्तर समेटकर रफ्फू चक्कर हो गए, जबकि ड्रग इंस्पेक्टर ने सभी केमिस्टों की दुकानों में जाकर दवाइयों के क्रय विक्रय को लेकर जांच पड़ताल की। इस दौरान कुछ दुकानों में कुछ खामी पाई गई, ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से केमिस्ट को इन खामियों को दूर करने के आदेश जारी किए गए।
ड्रग इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने शुक्रवार को पेन किल्लर, एंटी डायरियल, एंटी बायोटिक, एंटी डायबिटिक, बीपी और गैस की दवाओं के सैंपल एकत्रित किए। इन दवाइयों को लेकर विभाग के पास काफी समय से शिकायतें मिल रही थी। इसके चलते शुक्रवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने भरमौर में दबिश देकर उपरोक्त दवाओं के सैंपल एकत्रित किए। साथ ही केमिस्टों को जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए। निरीक्षण के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने दुकानों में प्रतिबंधित दवाओं को लेकर भी छानबीन की, लेकिन किसी भी दुकान में प्रतिबंधित दवाई नहीं पाई गई। ड्रग इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि भरमौर में निरीक्षण के दौरान आठ दवाओं के सैंपल भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए कंडाघाट की लैब में भेजा जाएगा। लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।