सुराल पंचायत का मामला, स्थानीय निवासी ने रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपी शिकायत
आरोप - उम्मीदवार ने नामांकन पत्र के साथ नहीं लगाए आवश्यक लीगल दस्तावेज
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही विवादों ने भी दस्तक दे दी है। ताजा मामला ग्राम पंचायत सुराल का है।
उपप्रधान पद के एक उम्मीदवार के नामांकन को लेकर सवाल उठाए गए हैं। उपप्रधान पद के लिए प्रत्याशी प्रेम सिंह की ओर से दाखिल किए नामांकन पत्र को लेकर स्थानीय निवासी बोध राज ने आपत्ति जताई है।
शिकायतकर्ता बोध राज ने बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर को शिकायत पत्र सौंपा। आरोप लगाया कि प्रेम सिंह ने नामांकन पत्र के साथ आवश्यक लीगल दस्तावेज संलग्न नहीं किए हैं। नियमों के मुताबिक नामांकन के समय सभी जरूरी दस्तावेज देना अनिवार्य है। बोध राज ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सुराल से जांच की मांग की तो उनकी बात को नहीं सुना गया। जांच प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया गया। सुराल में स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर शिकायतकर्ता ने पांगी उपमंडल मुख्यालय किलाड़ का रुख किया। प्रशासन के पास शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने तर्क दिया कि यदि बिना दस्तावेजों नामांकन स्वीकार किया जाता है तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन होगा। पांगी जैसे जनजातीय क्षेत्र में चुनाव का परिणाम बेहद नजदीक का रहता है। वहां इस तरह की तकनीकी त्रुटियां चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकती हैं। उधर, एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में लाया गया है। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने एआरओ सुराल को तुरंत प्रभाव से मामले की जांच करने और दस्तावेजों की वास्तविकता का पता लगाने के आदेश दिए हैं।