सोशल मीडिया पर पैराशूटी नेताओं को तरजीह देने का जिक्र, मूल कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर हाईकमान से पूछे सवाल
पोस्ट में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का किया उल्लेख, जिलाध्यक्ष और अनिल ढकोग ने आईडी से जुड़ाव से किया इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भाजपा में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले टिकट आवंटन को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है।
पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल ढकोग के नाम से बनी आईडी पर साझा पोस्ट में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। पोस्ट में पार्टी हाईकमान से पूछा गया है कि प्रत्याशियों के चयन का आधार क्या रहता है।
पोस्ट में दूसरी पार्टियों से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को टिकट दिए जाने और वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहे मूल कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मुद्दा उठाया गया है। इसमें कहा गया है कि पैराशूटी नेताओं को तरजीह मिलने से जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने वाले कार्यकर्ता पीछे रह जाते हैं। साथ ही हाईकमान से कार्यकर्ताओं की मेहनत और उनकी भूमिका को समझने के लिए जमीनी स्तर पर पहुंचने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि अनिल ढकोग आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने की इच्छा पहले ही सार्वजनिक कर चुके हैं। ऐसे में पोस्ट को लेकर जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, पोस्ट में किसी नेता का नाम नहीं लिया गया है।
आईडी और पोस्ट से किया इन्कार
भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज नरयाल ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में अनिल ढकोग से बात की थी। बातचीत में ढकोग ने कहा कि यह आईडी उनकी नहीं है और न ही उन्होंने पोस्ट साझा की है।
वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल ढकोग ने भी कहा कि संभव है कि उनके किसी समर्थक ने उनके नाम से आईडी बनाई हो। उन्हें आईडी और पोस्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं है।