ढांक से नीचे गिरने से लोनिवि के एक कर्मचारी की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार देसो पुत्र सहदेउ निवासी गांव रोणी डाकघर कीड़ी उम्र पचास साल सोमवार को मासिक वेतन लेकर शाम के समय अपने घर जा रहा था। उसी दौरान अचानक पनोट के पास ढांक से नीचे गिर गया।
शाम होने तक देसो जब अपने घर नहीं पहुंचा तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। घरवाले तलाश करते-करते जब पनोटी के पास पहुंचे तो रास्ते में उसका बैग पड़ा हुआ था। उसके बाद जब ढांक से नीचे उतरकर देखा तो देसो वहां पर मृत अवस्था में पड़ा था।
इसके बाद घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को अपनी हिरासत में लिया। उसके बाद मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि सोमवार को लोनिवि के कर्मचारी की ढांक से नीचे गिरने से मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि मासिक वेतन लेने के बाद देसो अपने घर जा रहा था। उसी दौरान ढांक से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।