शुक्रवार सुबह एसआईयू को मिली सफलता
एनएच पर सरू के समीप दबोचा आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
चनेड़ (चंबा)। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार तड़के पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति को 467 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब का निवासी बताया जा रहा है। इसकी पहचान वीरेंद्र शर्मा (48) निवासी नांगल कोटली, जिला गुरदासपुर पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट चंबा की टीम नियमित गश्त और नाकाबंदी पर तैनात रही। इसी दौरान पुलिस ने एनएच 154-ए पर स्थित सरू के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पैदल जाते हुए देखा। उसके हावभाव संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से 467 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।