हरदासपुरा में बच्चे को पोलियो ड्रॉप्स पिलाते कर्मचारी।
- फोटो : Chamba
चंबा। पल्स पोलियो अभियान के पहले चरण में रविवार को जिला के विभिन्न बूथों पर हजारों नौनिहालों ने दो बूंद जिंदगी की गटकी। जिला के विभिन्न स्वास्थ्य खंडों की रिपोर्ट के मुताबिक जिला में पल्स पोलियो अभियान की प्रतिशतता 87 फीसदी रही। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने जनमंच स्थल में अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएमओ चंबा डॉ. राजेश गुलेरी भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के विभिन्न खंडों में 0 से 5 वर्ष के 52678 नौनिहालों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा था।
जिले के विभिन्न खंडों में 45899 बच्चों को पोलियो खुराक दी गई। रविवार को अभिभावकों में नौनिहालों को पोलियो खुराक पिलाने को खासा उत्साह देखा गया। शहर के विभिन्न पोलियो बूथों पर नौनिहालों को दवा पिलाने के लिए अभिभावक लाइनों में खडे़ होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। स्वास्थ्य विभाग ने पल्स पोलियो अभियान के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला के प्रवेश द्वारों पर भी बूथ स्थापित किए थे। इसके अलावा मोबाइल टीमें भी दौड़ाई।
जानकारी के अनुसार चंबा जिला में पल्स पोलियो अभियान के सफल आयोजन के लिए कुल 542 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। रविवार को पोलियो की खुराक पीने से वंचित नौनिहालों को आगामी दो दिनों तक डोर टू डोर अभियान के जरिए दवा पिलाकर सौ फीसदी लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। इस अभियान में 2261 कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दीं।