चंबा। स्थानीय मेडिकल कॉलेज में विभिन्न श्रेणियों में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के कर्मियों के साथ सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। सदर के विधायक और कॉलेज प्रशासन ने इस मामले पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या बिना वेतन आउटसोर्स कर्मचारी अपने परिवार का पालन पोषण कर पाएंगे? उन्होंने कहा एक माह पहले मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर सदर के विधायक ने आउटसोर्स कर्मियों को शीघ्र वेतन का भुगतान करवाने का जो आश्वासन दिया था, उसका क्या हुआ? श्रम नियमों के मुताबिक हर माह की दस तारीख तक कर्मचारियों को वेतन भुगतान हो जाना चाहिए। विधायक को भी कर्मियों के हक को दिलवाने के लिए विधानसभा सत्र में मामला उठाना चाहिए। कहा कि जल्द मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्स कर्मियों को वेतन नहीं मिला तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और अन्य कांग्रेस फ्रंटल संगठन सरकार और मेडिकल कॉलेज प्रशासन का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करेंगे।