चंबा में आपदा के बाद कुठेड़ पंचायत मे निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम।संवाद
चंबा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने विकासखंड मैहला के कुठेड़, बाथरी और प्रोहो सहित अन्य प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर आपदा प्रभावित परिवारों का दर्द सुना। इस दौरान उन्होंने उपमंडल अधिकारी (नागरिक) चंबा को निर्देश दिए कि कुठेड़ गांव के सभी गरीब परिवारों को जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करवाई जाए।
उन्होंने प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने इसके साथ ही एसडीएम चंबा और खंड विकास अधिकारी मैहला को प्रभावित परिवारों का त्वरित सर्वेक्षण कर वास्तविक नुकसान का आकलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही स्थानीय लोगों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह भी किया। इस दौरान उपायुक्त ने बीपीएल परिवारों से भेंट की और उनके रहन-सहन व प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने गांववासियों को बच्चों की शिक्षा को लेकर जागरूक भी किया। इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत कुठेड़ तमन्ना बंसल, सदस्य जिला परिषद मनोज कुमार, एसडीएम प्रियांशु खाती, खंड विकास अधिकारी बशीर खान और अन्य लोग उपस्थित रहे।