मांगों को लेकर आगे की रणनीति तैयार करते प्राध्यापक संघ के पदाधिकारी।संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत कॉलेजों के प्राध्यापक अब केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार 4 जून को महाविद्यालयों में सामूहिक भूख हड़ताल करेंगे। संघ के अध्यक्ष परविंद्र कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार 2 जून तक लगातार धरना और गेट मीटिंग कर रोष जताया जा रहा है। अब आंदोलन को तेज करते हुए सामूहिक भूख हड़ताल की जाएगी। बुधवार को पदाधिकारियों का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। सचिव डॉ. मोहिंद्र सलारिया ने बताया कि 4 जून को सभी प्राध्यापक सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक एक दिवसीय सामूहिक भूख हड़ताल करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्राध्यापक अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है। बताया कि महाविद्यालयों के समूह बनाकर जिला स्तरीय और उपमंडल स्तर के महाविद्यालयों में शृंखलाबद्ध भूख हड़ताल की जाएगी। इसके लिए जिला या उपमंडल के मुख्य महाविद्यालयों को छोटे महाविद्यालयों से समन्वय स्थापित करना होगा। तीन से पांच शिक्षक की चेन भूख हड़ताल पर 5 से 9 जून तक सुबह 10:00 से शाम 5: 00 बजे तक भूख हड़ताल पर बैठेंगे। पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।