रावी नदी पर बनी जलविद्युत परियोजना। संवाद
होली (चंबा)। बारिश न होने के कारण जिले में बने सूखे जैसे हालात से रावी नदी पर बनीं जलविद्युत परियोजनाओं पर असर देखने को मिल रहा है। नदी में जलस्तर घटने से होली उपमंडल के अधीन दो विद्युत परियोजनाओं में बिजली का उत्पादन बंद हो गया है। इनमें एक परियोजना कीह नाले पर 3 मेगावाट की है, जबकि दूसरी होली स्टेज-वन है, यह भी 3 मेगावाट की है।
जानकारी के अनुसार होली, भरमौर और चंबा तक रावी नदी पर 15 जलविद्युत परियोजनाएं स्थापित हैं। इनसे उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा को बिजली मिलती है। कीह नाला और होली स्टेज के अलावा कुलेड नाला पर स्थित पांच मेगावाट, होली नाले पर स्थित होली स्टेज-2 सात मेगावाट, चौली नाला स्थित सात मेगावाट, चौली नाला स्थित छह मेगावाट की योजना चल रही है।
वहीं, लूणा में 8 मेगावाट, दुर्गेठी के समीप 5 मेगावाट और लोथल में सात मेगावाट क्षमता की जल विद्युत परियोजना क्रियान्वित है। इनमें भी विद्युत उत्पादन में असर पड़ा है। हालांकि इनमें अभी बिजली का उत्पादन बंद नहीं किया है।
सर्दियों में विद्युत उत्पादन कम होता है। इस बार लंबे ड्राई स्पेल के कारण पानी की कमी है और कंपनी को दो परियोजनाओं का बिजली का उत्पादन रोकना पड़ रहा है। प्रवीण कुमार, जीएम, जेएसडब्ल्यू कंपनी