चंबा। शहर के नर सिंह मंदिर के समीप डाक विभाग के कर्मचारी कूड़े में डाक की तलाश करते दिखे लेकिन खाली बोरे ही हाथ लगे। तीन कर्मचारी यहां डाक की तलाश करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शहर में तैनात सफाई कर्मियों ने यह बैग उठाए थे, जिन्हें कूड़े में फेंका गया। बताया यह भी जा रहा है कि जिस गाड़ी से यह बोरे पहुंचे, उन्हें रिसीव करने के लिए डाक विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। ऐसे में सफाई कर्मियों ने इन बोरों को कूड़ा समझा और उठा लिया। यह डाक विभाग की बड़ी लापरवाही है। वहीं, दूसरी तरफ डाक विभाग के कार्यालय में संपर्क साधने पर कर्मचारी टाल मटोल करते दिखे।
गौरतलब है कि चंबा में डाक एचआरटीसी बसों के माध्यम से पहुंचती है। जिनमें मनी ऑर्डर, पत्र, प्रतियोगी परीक्षाओं के रोल नंबर सहित अन्य ऑनलाइन सामान भी रहता है। अभी तक यह कह पाना काफी मुश्किल है कि यह बैग खाली थे या इनमें सामान आया था। डाक विभाग कर्मियों की ओर से कूड़े में डाक तलाशना कई सवाल खड़ा कर रहा है। बहरहाल, डाक विभाग की ओर से भी कोई संतुष्टि भरा जवाब नहीं मिल पाया है। शहर के सफाई ठेकेदार का कहना है कि रात में शहर में सफाई के लिए लेबर तैनात की जाती है। सात बजे से 11 बजे तक सफाई की जाती है। रात के समय सफाई के दौरान यह बोरे उठाए गए थे। डाकघर अधीक्षक चंबा तिलक राज ने बताया कि वे टूअर पर हैं। इस बारे कोई सूचना नहीं है।