चंबा के सरोल में मतगणना केंद्र गेट के बाहर तैनात पुलिस जवान।संवाद
चंबा। दिन : सोमवार। स्थान : बहुतकनीकी संस्थान सरोल। समय : 7:30 बजे। चंबा-तीसा मार्ग से होकर बहुतकनीकी संस्थान को जाने वाले मार्ग पर हिमाचल प्रदेश पुलिस बटालियन के जवान बैरिकेड लगाकर आईकार्ड की जांच करने के बाद ही अधिकारियों-कर्मचारियों समेत अन्य लोगों को आगे जाने दे रहे हैं।
बिना पहचान पत्र किसी को भी इस दायरे में प्रवेश की मनाही रही। यहां से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बहुतकनीकी संस्थान के बाहर आईटीबीपी के जवान, हिमाचल प्रदेश पुलिस बटालियन और हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। मतगणना के दिन संस्थान पूरी तरह से पुलिस छावनी में ही तबदील हो चुका है। संस्थान के गेट के बाहर दुकानों समेत आस-पास इक्का-दुक्का पार्टी समर्थक बैठे हैं। गेट पर तैनात प्रदेश पुलिस बटालियन के जवान हर व्यक्ति से उसका आईकार्ड मांगने के बाद चेकिंग के बाद आगे जाने दे रहे हैं। संस्थान के मुख्य गेट पर पुलिस बटालियन की महिला और पुरुष जवान मेटल डिटेक्टिव से जांच करने, आईकार्ड जांचने और आने का कारण पूछने के बाद ही आगे जाने दे रहे हैं।
सुबह 7:30 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव मौके पर पहुंचे। पौने सात बजे निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में स्ट्रांग रूम के ताले खोले गए। सभी माइक्रो आब्जर्वर, काउंटिंग सुपरवाइजर तथा काउंटिंग असिस्टेंट अपने-अपने टेबलों पर पहुंचे। सुबह 8:00 बजे लोकसभा चुनावों की मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई। सर्वप्रथम पोस्टल बैलेट पेपरों की गणना की गई।
भरमौर विस क्षेत्र के मतों के लिए 15 टेबल, चुराह 13, डलहौजी 13, भटियात 13 टेबल और चंबा विस क्षेत्र के मतों की गिनती 15 टेबलों पर गणना शुरू हुई। पहले राउंड की मतगणना ने एक दल के कार्यकर्ताओं में जोश भरने तो दूसरे दल के नेता में मायूसी लाने का काम किया। खैर, दोपहर 2:15 में क्रमवार मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हुई।