चंबा। जिला चंबा में लोकसभा चुनावों की मतगणना की प्रक्रिया 4 जून को शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। मतगणना से संबंधित जानकारी राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी कांगड़ा और रिटर्निंग अधिकारी मंडी को दी दी गई है।
राजकीय बहु तकनीकी संस्थान सरोल में मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान चुराह विधानसभा क्षेत्र के मतगणना पर्यवेक्षक वी डेविड राजू, चंबा, डलहौजी और भटियात विस क्षेत्र के मतगणना पर्यवेक्षक मीका नयोरी, भरमौर हलके के मतगणना पर्यवेक्षक आशुतोष रंजन मौजूद रहे। उनकी देखरेख में मतगणना प्रक्रिया करवाई गई। बताया कि जिले के पांचों विस क्षेत्रों में से चंबा, चुराह, डलहौजी और भटियात सहित चार विधानसभा क्षेत्र चंबा-कांगड़ा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में आते हैं। जिला का भरमौर (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के तहत आता है। उन्होंने बताया कि कांगड़ा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित उम्मीदवारों के चुनाव परिणाम की घोषणा रिटर्निंग अधिकारी कांगड़ा की ओर से की जाएगी। मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित उम्मीदवारों के चुनाव परिणाम की घोषणा रिटर्निंग अधिकारी मंडी करेंगे।