पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल व्यवस्था पर सियासत गरमा गई है। भाजपा मंडल पांगी के अध्यक्ष सतीश राणा ने आवासीय आयुक्त किलाड़ अमनदीप सिंह को ज्ञापन सौंपकर पांच दिन में समस्याओं के समाधान का अल्टीमेटम दिया है।
मांगें पूरी न होने पर 25 नवंबर को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। वहीं प्रशासन और सरकार के खिलाफ न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने की बात कही गई। ज्ञापन में वीबी-जी राम जी योजना में हाजिरी दर्ज न होने का मुद्दा उठाया गया। राशन की नियमित आपूर्ति न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। आटा, तेल और दालों की आपूर्ति प्रभावित है। ज्ञापन के माध्यम से पात्र लोगों को समय पर पेंशन न मिलने की शिकायत भी की गई। वृद्धों, दिव्यांगजनों, विधवाओं और बेसहारा लोगों को पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
सतीश राणा ने बिजली आपूर्ति, मोबाइल नेटवर्क और परिवहन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महंगे रिचार्ज के बावजूद घाटी में मोबाइल नेटवर्क सुचारु नहीं है और बसों की खराब व्यवस्था से भी लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। ट्राइबल सब प्लान का बजट शून्य किए जाने का मामला भी उठाया गया। वन विभाग के मजदूरों को वर्ष 2023, 2025 और 2026 की दिहाड़ी का भुगतान नहीं हुआ है। इस दौरान शक्ति ठाकुरवान, मान चंद ठाकुर और सन्नी शर्मा भी मौजूद रहे।