भड़ेला पंचायत में पाइप लाइन का चला काम : जागरूक पाठक
सलूणी (चंबा)। बरसात में गलियों में भरने वाला पानी और घरों की छतों से बहकर रास्तों पर पहुंचने वाला पानी अब ग्रामीणों की परेशानी नहीं बढ़ाएगा। भड़ेला पंचायत के रणहेतर और भगडोता गांव में पानी की निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए चार इंच की पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस व्यवस्था पर एक लाख 97 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे दोनों गांवों के 15 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
पंचायत प्रधान तेज राम ने कार्य का शुभारंभ करवाया। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान गलियों में पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं, मकानों की छतों से निकलने वाला पानी भी गलियों में बहता रहता था, जिससे रास्तों पर गंदगी और फिसलन की समस्या बनी रहती थी। खासकर बारिश के दिनों में ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। पाइपलाइन बिछने से छतों और गलियों के पानी की निकासी के लिए व्यवस्थित इंतजाम हो जाएगा। इससे न केवल गलियों में जलभराव की समस्या दूर होगी, बल्कि रास्ते भी साफ-सुथरे रहेंगे।