आज घर-घर पहुंचकर लिए जाएंगे नमूने, टिकरीगढ़ में सड़क किनारे मिला था सिर और झाड़ियों में पड़ा था धड़
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ में नवजात बच्ची का सिर और धड़ अलग-अलग मिलने के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। नवजात की पहचान करने के लिए अब क्षेत्र की कुछ महिलाओं के डीएनए परीक्षण करवाए जाएंगे।
पुलिस की टीम शनिवार को संबंधित महिलाओं के पास पहुंचकर रक्त के नमूने लेगी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि घटना के आसपास की अवधि में क्षेत्र में कुछ महिलाएं गर्भवती थीं। ऐसे में नवजात के सुरक्षित रखे गए डीएनए नमूने से महिलाओं के नमूनों का मिलान करवाया जाएगा। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। स्वास्थ्य विभाग और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं तथा हाल में हुए प्रसव का ब्योरा भी जुटाया गया। पुलिस नवजात की पहचान और उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। अब संबंधित महिलाओं के डीएनए नमूनों का नवजात के नमूने से मिलान करवाया जाएगा। इससे बच्ची की पहचान से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गत चार सितंबर को टिकरीगढ़ गांव के समीप सड़क किनारे नवजात का सिर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी नकरोड़ की टीम मौके पर पहुंची और आसपास तलाश की। इस दौरान कुछ दूरी पर झाड़ियों में नवजात का धड़ भी बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा, जहां पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की प्रक्रिया पूरी की गई।
डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। डीएनए परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी महिला को आरोपी मानने की पुष्टि नहीं हुई है।