तुनूहट्टी के पास चल रहे कार्य में 84 बैग सीमेंट हुए बरामद, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। तुनुहट्टी के समीप घर के निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे सरकारी सीमेंट के 84 बैग पुलिस ने पकड़े हैं। मकान मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह सीमेंट कहां से आया और किसने मुहैया करवाया, इन सभी पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। पंचायत प्रतिनिधि भी इसमें लपेटे में आ सकते हैं। स्थानीय सीमेंट विक्रेता बार-बार पुलिस में यह शिकायत दे रहे थे कि क्षेत्र में निजी कार्यों में सरकारी सीमेंट इस्तेमाल हो रहा है। इस कारण उनके कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। ऐसे में वीरवार को जैसे ही पुलिस को शिकायत मिली कि दुनी चंद अपने घर पर चल रहे निर्माण कार्य में सरकारी सीमेंट इस्तेमाल कर रहा था तो बिना मौका गंवाए पुलिस वहां पहुंच गई। 84 सरकारी सीमेंट बैग वहां बरामद हुए। इसको लेकर मकान मालिक के पास कोई भी जवाब नहीं था। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस इस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है। संवाद