अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला चंबा में रविवार को पुलिस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। लिखित परीक्षा का आयोजन राजकीय महाविद्यालय चंबा (सुल्तानपुर) और बहु तकनीकी कॉलेज सरोल में हुई। लिखित परीक्षा में जिले भर के 3126 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। यह परीक्षा एक घंटे तक चली। परीक्षा को लेकर पुलिस विभाग ने पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। वहीं अभ्यर्थियों में भी लिखित परीक्षा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह दस बजे भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों में पहुंच गए थे।
जिले में पुलिस के अस्सी पद भरे जा रहे हैं। इसमें 54 पुरुष आरक्षी, 16 महिला आरक्षी और दस चालक आरक्षियों की भर्ती होगी। इसके लिए लिखित परीक्षा आयोजित रविवार को आयेेजित हुई। पिछले माह ही शारीरिक मापदंड संबंधित प्रक्रिया हुई थी। लिखित परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। परीक्षा समाप्ति के बाद युवा एक दूसरे से प्रश्नपत्रों के प्रश्नों के उतर साझा करते नजर आए। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि लिखित परीक्षा शांतिपूर्वक हुई है।