बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए बनाया था वीडियो, सोशल मीडिया पर पोस्ट करना पड़ा महंगा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में यातायात नियमों की अनदेखी करना युवकों को महंगा पड़ गया। बाइक पर बिना हेलमेट सवारी करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले युवकों का पुलिस ने 4,500 रुपये का चालान काटा है।
एएसपी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि दो युवकों ने सड़क पर बिना हेलमेट सरपट बाइक चलाते हुए वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया में साझा कर दिया। वीडियो में यातायात नियमों का उल्लंघन स्पष्ट दिखाई देने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि चालक और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की जान को भी खतरे में डालती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए स्टंट करना या नियमों की अनदेखी कर वीडियो बनाना स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों पर विभाग नजर रख रहा है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।