चंबा। फर्जी नियुक्ति पत्र के मामले में मेडिकल कॉलेज चंबा में पुलिस टीम ने मंगलवार को दबिश दी। पुलिस टीम ने इस दोरान कार्यालय में जाकर विभिन्न दस्तावेजों का गहनता से निरीक्षण किया गया।
इसके साथ ही इस संदर्भ में अधिकारी-कर्मचारियों के साथ भी जानकारियां जुटाई। वहीं, सदर थाना चंबा में अज्ञात लोगों के खिलाफ 420, 465, 468, 471 आईपीसी के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर गहनता से तफ्तीश शुरू की गई है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही पुलिस टीम फर्जी नियुक्ति पत्र के मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है।
गौरतलब हो कि हाल ही में मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलवाने के नाम पर आरोपियों ने खुद को टांडा मेडिकल कॉलेज का प्रिंसिपल बताकर चंबा की एक महिला को स्टाफ नर्स का फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर दिया था। इसके बाद उसे आईजीएमसी शिमला में ज्वाइंनिग के लिए भेजा था। महिला जब शिमला पहुंची तो जांच के बाद उसके होश फाख्ता हो गए, जब उसे पता चला कि उसका नियुक्ति पत्र फर्जी है।
बहरहाल, शिमला पुलिस ने मामले की तफ्तीश का जिम्मा एसपी चंबा को सौंपा है। इसके तहत पुलिस थाना चंबा में एक विशेष टीम का गठन मामले की जांच शुरू कर दी है। फर्जी नियुक्ति पत्र के मामले में सदर थाना चंबा में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। मंगलवार को पुलिस टीम ने मेडिकल कॉलेज चंबा में पहुंचकर मामले के संदर्भ में तफ्तीश की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि फर्जी नियुक्ति पत्र के मामले में पुलिस थाना सदर में 420, 465,468, 471 आईपीसी के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गहनता से मामले की तफ्तीश कर रही है।
मेडिकल कॉलेज चंबा के प्राचार्य डॉ. पुरुषोत्तम पुरी ने बताया कि पुलिस टीम ने मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच की है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पुलिस का सहयोग कर रहा है।