मुगला मोहल्ले के खस्ताहाल रास्ते में ठोकरें खा रहे लोग
दो साल पहले खस्ताहाल हुए रास्ते की नगर परिषद ने नहीं ली अभी तक सुध
लोग बोले - छह साल पहले हुआ था पक्के रास्ते का निर्माण, कंकरीट उखड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत हरदासपुरा वार्ड के मोहल्ला मुगला के लिए जाने वाला रास्ता बेहद खस्ताहाल है। इसके चलते स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में रमेश कुमार, सुनील कुमार, राजीव कुमार, हैपी कुमार, राकेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार और प्रकाश चंद का कहना है कि रास्ते पर बिछी कंकरीट पूरी तरह से उखड़ चुकी है। रास्ते पर गहरे गड्ढे पड़ गए हैं। बताया कि राहगीर भी ठोकरें खाकर घरों तक पहुंचने को मजबूर हैं। इस बारे में वे कई बार मांग कर चुके है, मगर अभी तक नगर परिषद की ओर से इस मार्ग की सुध नहीं ली गई है।
नगर परिषद ने इस मार्ग का निर्माण लोगों की सुविधा के लिए किया है, मगर वर्तमान में मार्ग की हालत बेहद खराब हो गई है। इसकी दशा सुधारने के लिए कदम नहीं उठाए गए हैं। जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं। ऐसे में बच्चों के चोटिल होने का खतरा बन रहा है। साथ ही बुजुर्गों को भी आवाजाही करने में परेशानी पेश आ रही है। भारी बारिश के कारण करीब तीन साल पहले यह मार्ग खस्ताहाल हो गया था, मगर आज तक इस मार्ग की सुध नहीं ली गई है। इससे लोग परेशान हैं। गौरतलब है कि पांच साल पहले इसका निर्माण किया गया था। इस मार्ग की देखरेख नहीं हो पाई। इसके चलते अब यह मार्ग गड्ढों में तबदील हो गया है। लोगों ने नगर परिषद चंबा से मांग की है कि इस मार्ग की सुध ली जाए।
हरदासपुरा वार्ड पार्षद अंजू देवी ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है। कहा कि जल्द ही इस बारे में हाउस की बैठक में प्रस्ताव डाला जाएगा।