चंबा में राज्य कैडर करने को लेकर सामुहिक अवकाश कर विरोध करते पटवारी और कानूनगो महासंघ के पदाधि
चंबा। पटवारी एवं कानूनगो के जिला कैडर को बदलकर राज्य कैडर करने की जारी अधिसूचना के विरोध में जिले के करीब 214 पटवारी और कानूनगो सामूहिक अवकाश पर चले गए। कर्मचारियों ने साफ किया है कि यदि वीरवार तक सरकार बलवान कमेटी की ओर से की गई सिफारिशों को लागू नहीं करती है तो पटवारी-कानूनगो पैन डाउन स्ट्राइक पर चले जाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की रहेगी।
पटवारी-कानूनगो जोगेंद्र, नरोत्तम सिंह, अंजू, विजय, दीपक, शैलजा, सुरेंद्र पाल आदि ने बताया कि मंगलवार को मुख्यालय में कानूनगो एवं पटवारी महासंघ चंबा के समस्त पदाधिकारियों ने एकत्रित होकर गेट मीटिंग की। बैठक में पटवारी एवं कानूनगो के जिला कैडर को बदल कर इसे राज्य कैडर करने के संबंध में जो अधिसूचना जारी की गई है, उसके विरोध में आगामी रणनीति तैयार की गई। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के कानूनगो और पटवारी इस अधिसूचना के विरोध में सामूहिक अवकाश पर हैं। मंगलवार को जिले के 183 पटवारवृत्तों और 31 कानूनगो कार्यालयों में पटवारियों और कानूनगो के न होने से अपने राजस्व संबंधी कार्य करवाने जैसे जमीन संबंधी निशानदेही करवाने, विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अर्जियां लेकर पहुंचने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। ऐसे में अब यदि वीरवार को सरकार पटवारियों और कानूनगो की मांग को पूरा कर अधिसूचना को निरस्त नहीं करती है तो आगामी दिनों में लोगों की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।