सलूणी उपमंडल में पार्किंग के अभाव में बेहतरीव तरीके से सड़क किनारे पार्क वाहन।
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी में पार्किंग न होने से परेशानी हो रही है। सलूणी मुख्यालय की मुख्य सड़क से डेढ़ किलोमीटर दूर जाकर वाहन खड़ा करने पड़ रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
वाहन दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। 25 पंचायतों के लोग बार-बार सरकार और प्रशासन से सलूणी में पार्किंग बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया है। इससे लोगों में भारी रोष है। इतना ही नहीं, सलूणी बाजार के व्यापारी भी इस समस्या से काफी परेशान हैं। जो लोग खरीदारी करने आते हैं, उन्हें अपने वाहन खड़ा करने के लिए उचित स्थान नहीं मिल पाता। सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने पर पुलिस चालान काट देती है। इससे व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
टैक्सी यूनियन के प्रधान राजेश कुमार, बिपन, जगदीश कुमार, परमेश, सुरेश, सुमित, टेक चंद और चैन सिंह बताया कि कई बार एसडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजे गए। प्रशासन और विधायक को भी समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन किसी ने भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि सलूणी में पार्किंग बनाई जाए।
उधर, एसडीएम सलूणी नवीन शर्मा ने बताया कि लोगों ने पार्किंग को लेकर जो ज्ञापन सौंपा था, उसे सरकार को भेज दिया गया है। प्रशासन अपने स्तर पर भी पार्किंग के लिए उचित स्थान की तलाश कर रहा है।