सलूणी (चंबा)। चंबा-भड़ेला रूट पर शुक्रवार को लोगों को सरकारी बस सेवा का लाभ नहीं मिला। वीरवार शाम को चंबा से भड़ेला गई बस खराब हो गई थी। इसके चलते शुक्रवार को सुबह भड़ेला से चंबा के लिए कोई भी सरकारी बस नहीं भेजी जा सकी। चंबा से दोपहर भड़ेला के लिए भी कोई बस नहीं भेजी गई। इसके चलते आधा दर्जन से अधिक पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्राम पंचायत पिछला डियुर, डियुर, खडजौता, कंधवारा, डांड, भड़ेला सहित अन्य पंचायते शामिल हैं। जहां रहने वाले लोग अपने गंत्वय को आवाजाही करने के लिए सरकारी बस पर निर्भर हैं। शुक्रवार को लोग सड़कों में खड़े होकर बस आने का इंतजार करते रहे, मगर बस नहीं आई। इसके चलते अधिकतर लोगों को पैदल ही अपने गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। वहीं, कई लोगों ने टैक्सी करके अपने गंतव्यों का सफर किया।
लोगों में हंसराज, केवल, मनोज कुमार, रवि कुमार, सोभिया राम, प्रताप चंद और सुरेश कुमार ने बताया कि चंबा-भडेला रूट पर शुक्रवार को लोगों को बस सेवा का लाभ नहीं मिला। कहा कि यदि रूट पर चलने वाली बस खराब हो जाए। तो उसके स्थान पर दूसरी बस भेजी जाती है। लेकिन भडेला एक ग्रामीण रूट है। इसके चलते वहां कोई बस नहीं भेजी गई। क्षेत्रीय प्रबंधक चंबा शुगल कुमार ने बताया कि चंबा-भड़ेला रूट पर बस सेवा सुचारू कर दी जाएगी।