चंबा। थाना चंबा से चार दिन पहले भागा बाइक चाेरी के आरोपी मानविंद्र सोमवार को अपने गांव में लोगों के हाथ लग गया, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंचती उससे पहले ही वह दो मंजिला मकान से कूदकर फिर भाग गया।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी को पकड़कर तुरंत पुलिस को सूचना दे दी गई थी, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही आरोपी घर के पिछले हिस्से से ऊपर की मंजिल पर चढ़ा और छलांग लगाकर जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने उसकी दिशा भी पुलिस को बताई, लेकिन बावजूद इसके पुलिस उसे पकड़ने में नाकाम रही। इस दौरान उसने लोगों से धक्का-मुक्की भी की।
जानकारी के अनुसार आरोपी के थाने से भागने के मामले में पुलिस विभाग ने थाना प्रभारी, केस के जांच अधिकारी (आईओ) और थाने के मुंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इन अधिकारियों से निर्धारित समय में जवाब मांगा गया है, अन्यथा विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।
उधर, एएसपी हितेश लखनपाल ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस ने तेज सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है और सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस हर संभव उपाय अपना रही है।