भरमौर-पठानकोट एनएच पर लाहल के पास दरकी पहाड़ी से थमी वाहनों की रफ्तार।
- फोटो : Chamba
चंबा। जिले में चार दिन बाद भी लोगों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मौसम साफ होने के साथ ही अब पहाड़ दरकना शुरू हो गए हैं। शनिवार देरशाम भरमौर-पठानकोट एनएच लाहल के पास पहाड़ी दरकने से फिर बंद हो गया। वहीं, पहले से बंद चंबा और भरमौर के 11 मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाए हैं। इसके चलते बंद सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। वहीं, दूसरी और जनजातीय क्षेत्र पांगी में 25 ट्रांसफार्मर बंद रहने से दर्जनों गांवों में बिजली की आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है। इससे लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
शनिवार को पांगी की 19 सड़कों में से आधी ही बहाल हो पाईं। पांगी में अभी भी 10 सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी हुई है। लोनिवि ने किलाड़-हुड़ान, किलाड़-हेलीपैड आदि सड़कों को यातायात के लिए सुचारु करवाया, जबकि भरमौर मंडल के तहत भरमौर-सुप्पा मार्ग पर डंगा गिर जाने से मार्ग बंद पड़ा हुआ है। इसके अलावा हड़सर-कुगति मार्ग पर भारी भरकम ल्हासा गिरने से मार्ग शनिवार को भी नहीं बहाल हो पाया। जबकि, उलांसा, सुनारा, कुंडी, खड़ामुख-होली, छतराड़ी आदि सड़कों को बहाल कर दिया गया है। पांगी और भरमौर में 11 सड़कें अभी भी बंद हैं। वहीं, पांगी में भारी बर्फबारी के बाद बिजली सप्लाई को सुचारु करने के लिए बोर्ड प्रबंधन ने निजी कर्मी भी हायर किए हैं। बावजूद इसके 25 ट्रांसफार्मर शनिवार देरशाम तक सुचारु नहीं हो पाए।
पांगीवासी नरेश कुमार, सुरेंद्र राणा और किशन राणा ने बताया कि शनिवार को धूप खिलने पर घरों की छतों पर गिरी बर्फ को हटाया। कहा कि अत्यधिक बर्फबारी से घरों को नुकसान होने का खतरा बना रहता है। लिहाजा, बर्फ हटाना जरूरी बन जाता है। एनएच मंडल चंबा के सहायक अभियंता कनव बड़ोत्रा ने बताया कि भरमौर-पठानकोट एनएच पर लाहल के पास पहाड़ी दरकने से एनएच बाधित हुआ है। सूचना मिलते ही मशीनरी मौके पर भेज दी गई है। जल्द एनएच बहाल करवा दिया जाएगा।