चंबा। सर्दी का मौसम शुरू होते ही पीठ दर्द के मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। मेडिकल कॉलेज चंबा की हड्डी रोग ओपीडी में रोजाना 50 से 60 मरीज उपचार करवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मानिक सहगल ने बताया कि रात को सोते समय गलत तरीके से तकिया रखना और ठंड में परहेज न करना इसका मुख्य कारण है। मेडिकल कॉलेज में आने वाले पीड़ितों को उपचार के लिए दवाई के साथ जरूरी परामर्श भी दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सर्दी के दौरान सबसे अधिक बर्फ पड़ती है और ठंड भी सबसे अधिक रहती है। उन क्षेत्रों के लोगों में यह बीमारी सबसे अधिक पाई जा रही है। भरमौर, पांगी, डलहौजी, चुराह के ऊपरी इलाकों में इन दिनों ठंड काफी बढ़ चुकी है, जबकि निचले इलाकों में दिन के समय धूप खिलने से तापमान अभी गर्म रह रहा है। यही वजह है कि लोग कड़ाके की ठंड में बचने के लिए जरूरी एहतियात नहीं बरत रहे हैं। इसकी वजह से उन्हें पीठ दर्द की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।