राजस्व संबंधी कार्य न होने पर दफ्तरों से लौट रहे निराश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के 214 पटवारी और कानूनगो शनिवार को भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहे। जिला मुख्यालय चंबा स्थित उपायुक्त कार्यालय सहित तहसील मुख्यालयों के बाहर वे शांतिपूर्ण तरीके से हड़ताल पर बैठे रहे। पटवारी और कानूनगो प्रदेश सरकार की ओर से स्टेट कैडर की अधिसूचना जारी किए जाने और सरकार की ओर से गठित बलवान कमेटी की सिफारिशों को लागू न करने का विरोध कर रहे हैं। पटवारियों-कानूनगो की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते अब मूसलाधार बारिश और बर्फबारी से होने वाले नुकसान का सही आकलन लगाना प्रशासन के लिए भी चुनौतीपूर्ण बन गया है। प्रभावितों को हुए नुकसान की रिपोर्ट न बन पाने पर अब पंचायत सचिवों और पंचायत प्रतिनिधियों का जिला प्रशासन को सहयोग लेना पड़ रहा है।
पटवारी-कानूनगो जितेंद्र शर्मा, नरोत्तम सिंह, ओम प्रकाश, अरविंद्र कुमार, मुकेश कुमार, रिंपू, अंकुर, बबलू कुमार, अपवन कुमार, शिव मोहिनी, सरोज कुमारी, मेघा गुप्ता, कनिका देवी, पूनम कुमारी, साहिल, आशा आदि ने बताया कि पटवारी और कानूनगो अपनी जायज मांग को लेकर सामूहिक अवकाश पर हैं। उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य किसी भी कार्य में बाधा डालने या किसी को जानबूझकर परेशान करने का कदापि नहीं है। अपने हक के लिए मजबूरन उन्हें ये रास्ता चुनना पड़ा है। शनिवार को जिले के 183 पटवारवृत्तों और 31 कानूनगो कार्यालयों में जमीन संबंधी निशानदेही करवाने, विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर अर्जियां लेकर पहुंचने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। वहीं, मौसम की मार के बाद प्रभावित होने वाले परिवारों की सटीक जानकारी भी प्रशासन तक नहीं पहुंच रही है। लिहाजा, अब पंचायत सचिवों और पंचायत प्रतिनिधियों को नुकसान संबंधी रिपोर्ट के बारे में प्रशासन को अवगत करवाने के लिए कहा गया है।