चंबा मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन कक्ष के बाहर लगे कैश काउंटर में बिल कटवाता युवक।संवाद
चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में रात के समय इलाज करवाने आने वाले मरीजों को अब किसी भी टेस्ट को करवाने के लिए फीस जमा करवाने के लिए अंधेरे में नहीं भटकना पड़ेगा।
इसके लिए प्रबंधन ने आपातकालीन कक्ष के बाहर फीस काउंटर की व्यवस्था कर दी है। यह काउंटर शाम 4:00 से सुबह 8:00 बजे तक सुचारू रहेगा। जो भी मरीज शाम से लेकर सुबह होने तक इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में आएंगे, उन्हें किसी भी टेस्ट का फीस शुल्क कटवाने के लिए ओपीडी ब्लॉक में नहीं जाना पड़ेगा। अकसर मरीजों के साथ आने वाले तीमारदार यह शिकायत करते थे कि रात के समय उन्हें टेस्ट करवाने से पहले फीस जमा करवाने के लिए ओपीडी ब्लॉक में जाना पड़ता है। इसके लिए उन्हें अपने मरीज को अकेला छोड़ना पड़ता है। अब ऐसा नहीं होगा। आपातकालीन कक्ष के बाहर जहां पर मरीजों की पर्ची बनाई जाती है। उसके साथ अस्पताल प्रबंधन ने शाम के बाद मरीजों के टेस्ट की फीस जमा करवाने के लिए अलग से फीस काउंटर की व्यवस्था करवा दी है। प्रबंधन के इस फैसले का जिला भर के लोगों ने सराहा है, क्योंकि मेडिकल कॉलेज में शाम ढलने के बाद जिले भर से मरीज अपनी बीमारी का इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। अब उन्हें फीस जमा करवाने के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर बिपन ठाकुर ने बताया कि शाम 4:00 से सुबह 8:00 बजे तक आपातकालीन कक्ष के बाहर फीस काउंटर की व्यवस्था की गई है। रात को कोई भी मरीज या तीमारदार अब टेस्ट का शुल्क जमा करवाने के लिए ओपीडी ब्लॉक में नहीं जाएगा।