बनीखेत (चंबा)। लंगेरा-पठानकोट रूट की सरकारी बस वाया खैरी होकर न जाने से सवारियां परेशान हो रही हैं। लोगों को निजी वाहनों के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि यह बस सुबह पठानकोट से लंगेरा के लिए वाया खैरी होकर जाती रही है। लेकिन, बीते कुछ दिनों से यह बस खैरी होकर नहीं जा रही है। ऐसे में भुनाड़ और खैरी सहित अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को परेशानी झेल रही हैं। लोगों का कहना है कि ऐसा कई दिनों से चल रहा है। यह बस एक माह में 10 दिन तक वाया खैरी होकर आती है। शेष दिन बंद रहती है। इस रूट पर एकमात्र ही सरकारी बस चलती है। जिसका क्षेत्र के लोगाें को लाभ मिलता रहा है। लेकिन, निर्धारित रूट पर न जाने से यात्रियों में निगम के प्रति भारी रोष है।
राहुल कुमार, सुनील कुमार, नरेश कुमार, सुभाष कुमार और रमेश कुमार का कहना है कि इस समस्या के बारे में परिवहन निगम को अवगत करवाया है। लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में पठानकोट की ओर जाने वाली सवारियों को निजी टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है। लोगों ने परिवहन निगम से समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है। उधर, एचआरटीसी पठानकोट डिपो के आरएम राहुल का कहना है कि बस का इंजन खराब हो गया था। जिसे ठीक करवा लिया है। अब जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।