सिहुंता/चुवाड़ी (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पुलिस थाना सिहुंता और उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय चुवाड़ी का वीरवार को शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र भटियात के तहत आते चुवाड़ी और सिहुंता में मिनी सचिवालय भवन का जल्द निर्माण होगा। इससे सभी विभागों के कार्यालयों को एक ही छत के नीचे स्थापित कर क्षेत्र के लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।
वहीं, उन्होंने कहा कि पुलिस चौकी सिहुंता को पुलिस थाना में स्तरोन्नत करना इस क्षेत्र के लोगों की मांग थी। इसके लिए प्रदेश की वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही इस पर आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए इसी वित्त वर्ष के दौरान न केवल सिहुंता पुलिस चौकी को पुलिस थाना में स्तरोन्नत किया। बल्कि, चुवाड़ी को डीएसपी कार्यालय की सौगात भी दी। इसके अलावा हटली में पुलिस चौकी को भी प्रदेश सरकार की ओर से अधिसूचित कर दिया है। जिसे अतिशीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। जहां पूर्व में पुलिस चौकी सिहुंता में विभिन्न वर्गों के 32 पद स्वीकृत थे, वहीं पुलिस थाना बनने के पश्चात यहां 44 पद सृजित होंगे।
इसके अलावा चुवाड़ी में डीएसपी कार्यालय खुलने से वहां पर डीएसपी के अलावा लगभग पांच अन्य पद भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र की पड़ोसी राज्य पंजाब और जम्मू और कश्मीर के साथ सीमा लगती है, इसलिए सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने के अलावा और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए इस क्षेत्र में पुलिस विभाग का सुदृढ़ीकरण आवश्यक है।