सलूणी-भड़ेला रूट पर सीटें भीगी होने के कारण खड़े-खड़े ही करना पड़ा सफर
यात्री बोले- सरकारी बस की छत से पानी टपकने के कारण झेलनी पड़ीं दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। एक बार फिर बारिश ने एचआरटीसी बसों की पोल खोल दी है। सलूणी से भड़ेला रूट पर जा रही सरकारी बस की छत टपकने लगी। इससे बस की सीटें भी भीग गईं।
ऐसा तीसरी बार हुआ है कि टपकती बस में यात्री सफर करने पर मजबूर हुए हैं। तेज बारिश के कारण बस के अंदर पानी गिरने से यात्रियों को खाली सीटें होने के बावजूद बस में खड़े-खड़े ही सफर करना पड़ा। कुछ यात्रियों को ज्यादा देर तक खड़ा नहीं रह पाने के कारण भीगी हुईं सीटों पर बैठना पड़ा।
यात्रियों में कुशल कुमार, चैन सिंह, अनिल कुमार, सुभाष डोगरा, लेख राज, मनोज शर्मा और मुकेश राणा ने बताया कि बारिश शुरू होने से पहले ही लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। खटारा बसों की छतो से टपकता पानी सफर को मुश्किल बना रहा है। मजबूरी में बस के भीतर भी भीगते हुए ही सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अकसर एचआरटीसी की बसें सफर के दौरान कहीं न कहीं खराब हो रही हैं। बारिश होने पर दिक्कत और बढ़ जाती है। तेज बारिश होने पर पानी अंदर पहुंच जाता है। निगम प्रबंधन भी ऐसी ही खटारा बसों को रूटों पर भेज रहा है। उन्होंने परिवहन निगम से सवाल किया कि अगर बसें इतनी खस्ताहाल हैं तो उन्हें रूटों पर क्यों भेजा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खस्ताहाल बसों के कारण यात्रा करना अब जोखिम भरा और असुविधाजनक हो गया है। उन्होंने सरकार से तुरंत कदम उठाने और बसों की मरम्मत व रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है।
एचआरटीसी के डीडीएम शु्गल सिंह ने कहा कि मामला ध्यान में लाया गया है। इन बसों की सही से मरम्मत करवाई जाएगी। उसके बाद ही रूटों पर भेजी जाएंगी।