चंबा। ग्राम पंचायतें अपने क्षेत्र में स्वच्छता के अलावा ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन की दिशा में प्रभावी कदम उठाते हुए अपनी पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने में अपनी भूमिका अदा करें। डीसी ने यह बात चंबा विकासखंड की ग्राम पंचायत प्रधान यूनियन के सदस्यों की ओर से उनसे की गई भेंट के बाद कही।
डीसी ने कहा कि चंबा जिले को केंद्र सरकार ने आकांक्षी जिला घोषित किया है। जिले को आकांक्षी जिले के दायरे से बाहर करने में पंचायतें अपना पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कृषि, बागवानी, पुष्प उत्पादन, मधुमक्खी पालन, पशुपालन और मत्स्य पालन से भी ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ कर सकते हैं। डीसी ने पंचायत प्रधानों का भी आह्वान किया कि वे जून से पहले भांग उखाड़ो अभियान के तहत अपनी सहभागिता निभाएं और जन सहयोग से भांग के पौधों को नष्ट करने की मुहिम शुरू करें।
डीसी ने मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान यूनियन के प्रधान विजय कुमार, महासचिव पवन कुमार और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।