चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा में महज एक कैंसर रोग विशेषज्ञ के कंधों पर 5,000 कैंसर रोगियों के इलाज का जिम्मा है। इससे मरीजों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। साथ ही विशेषज्ञ को दिक्कत हो रही है।
दो वर्ष पहले मेडिकल कॉलेज में चार कैंसर रोग विशेषज्ञ मौजूद थे। इसमें दो ने नौकरी छोड़ी दी और एक विशेषज्ञ डॉक्टर की उच्च पढ़ाई के लिए लंबी छुट्टी पर चले गए, जो आज तक नहीं लौटे। न तो सरकार इन डॉक्टरों के स्थान पर अन्य विशेषज्ञों को चंबा भेज पाई और न ही मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अतिरिक्त व्यवस्था कर पाया।
मौजूदा समय में एकमात्र विशेषज्ञ सप्ताह में एक दिन ओपीडी में मरीजों की जांच करने के लिए उपलब्ध रहता है। मरीजों को इलाज करवाने के लिए बाहरी राज्यों में जाना पड़ रहा है। चंबा में इन मरीजों के लिए आधुनिक इलाज की सुविधा नहीं है। समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण कई मरीज अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
स्थानीय निवासी चैन सिंह, चतरो राम, जय सिंह, निरंजन, केवल, देसराज, प्यार चंद और अशोक कुमार ने सरकार व विभाग से मांग की है कि मेडिकल कॉलेज में कैंसर रोग विशेषज्ञों की तैनाती जल्द की जाए।
सरकार से विशेषज्ञों की तैनाती करने की मांग की गई है। जल्द ही नए डॉक्टर मिलने मरीजों को राहत दिलाई जाएगी। डॉ. मानिक सहगल, प्रवक्ता, मेडिकल कॉलेज चंबा