कबायली क्षेत्र भरमौर में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की पहाड़ी से गिर कर मौत हो गई। पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। यह घटना भरमौर के घरेड़ गांव की है।
बुजुर्ग राणा राम पुत्र जगता राम रोजाना की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए साथ लगते जंगल में गया था। जहां पर थठेरा नाला के समीप राणा राम पहाड़ी से गुजरते समय असंतुलित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा। इसका पता परिजनों को तब चला, जब शाम को मवेशी तो घर आ गए लेकिन राणा राम वापस घर नहीं पहुंचा।
परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस दौरान राणा राम बेसुध अवस्था में थठेरा नाला में गिरा हुआ मिला। परिजन फौरन उन्हें भरमौर अस्पताल ले आए लेकिन चिकित्सकों ने राणा राम को मृत करार दे दिया। उधर, सूचना मिलने पर भरमौर पुलिस थाना के सब इंस्पेक्टर धर्म सिंह ने आकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।
घरेड़ पंचायत के प्रधान मिलाप चंद ने बताया कि राणा राम की मौत गिरने से हुई है। सब इंस्पेक्टर धर्म सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।