जिला कारागार में एनडीपीएस एक्ट के तहत अंडर ट्रायल चल रहे व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल लाते समय मौत हो गई। इसके बाद चिकित्सकों ने जेल प्रशासन व पुलिस की मौजूदगी में मृतक का पोस्टमार्टम करके शव अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया।
व्यक्ति की पहचान विनोद उर्फ मनु निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। जिसे पुलिस ने लगभग छह माह पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। हालांकि मृतक की मौत की असल वजह क्या है, इसका पता बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। जानकारी अनुसार रविवार रात जिला कारागार में अचानक अंडर ट्रायल चल रहे व्यक्ति की तबीयत खराब हो गई। ऐसे में जेल प्रशासन ने तुरंत विनोद को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने विनोद को मृत करार दे दिया। अगली सुबह सोमवार को सूचना पाकर मृतक के परिजन भी मौके पर आ पहुंचे। परिजनों से बात करने पर पता चला कि विनोद पहले से ही बीमार रहता था। पिछले कुछ महीनों ने विनोद जेल में बंद था। ऐसे में उसके परिजनों को उसकी सुध कभी कभार ही मिल पाती थी। जेल में भी विनोद का इलाज चल रहा था। इसी दौरान विनोद की टीएमसी टांडा में भी स्वास्थ्य जांच हुई थी।
एसडीएम चंबा व जिला कारागार के जेलर वचन सिंह ने बताया कि व्यक्ति की तबीयत खराब होने से मौत की सूचना मिली थी। जिसके बाद आवश्यक औपचारिकता पूरी करके मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मृत व्यक्ति का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक विशाल ठाकुर ने बताया कि व्यक्ति का बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। जिसके बाद ही मौत की असल वजह सामने आ पाएगी।