कबायली क्षेत्र भरमौर में लोनिवि के दैनिक भोगी के रूप में कार्यरत एक नेपाली मूल के व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस ने शुरूआती जांच में बेलदार की मौत का कोई भी प्राकृतिक कारण सामने न आने की बात कही है। मृतक के परिजन का कोई पता नहीं है। लिहाजा पुलिस की मौजूदगी में लोनिवि ने मृतक का अंतिम संस्कार मंगलवार को कर दिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक का नाम डोंगे लामा था।
यह पिछले चार दशकों से भरमौर में रह रहा था। मौजूदा समय में डोंगे लामा ने रजौर गांव में एक मकान का कमरा किराए पर ले रखा था। इस मामले की पुलिस को सूचना देने वाले मकान मालिक ने बताया कि सोमवार रात डोंगे लामा रोजाना की तरह अपने कमरे में सोने चला गया था। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक उसका कमरा नहीं खुला था तो मकान मालिक ने अंदर जाकर देखा तो डोंगे लामा का शव कमरे में पड़ा हुआ है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर इस संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी चंबा हेडक्वार्टर वीर बहादुर ने बताया कि मामला काफी संगीन है। पुलिस इस मामले की पूरी मुश्तैदी से जांच कर रही है। घटना के बाद मकान मालिक के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच में हर पहलू पर कड़ी नजर रखी जा रही है।